वन विभाग ने तेंदुआ पकड़ने के साधन हटाए, पर डर अभी भी कायम।



सैलाना (निप्र)- आदिवासी अंचल में बेखौफ घूम कर कई मूक पशुओं को अपना शिकार बना चुका तेंदुआ अब तक वन विभाग की पकड़ में नहीं आया है। फिलहाल तेंदुए का कोई बड़ा मूवमेंट भी नजर नहीं आया है। बीते कुछ दिनों से तेंदुए की हलचल सामने नही आने के कारण वन विभाग ने राहत की सांस तो ली है, पर यह राहत फौरी ही प्रतीत होती है।आदिवासी अंचल के ग्रामीण अब भी भयमुक्त नहीं है।


आदिवासी अंचल में जब-तब किसी बड़े वन्य प्राणी के आतंक की खबरें सामने आती रहती है। अभी तक वन विभाग किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाया। इस वर्ष 18 मार्च से 27 मार्च तक ग्राम पंचायत पाटडी व बरडा के विभिन्न ग्रामों में तेंदुए ने पांच से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया। हर बार बकरे-बकरियां, गाये-बछड़ों को तेंदुए ने अपना शिकार बनाया। स्थिति यह हो गई कि लोगों का अपने घरों से निकलना भी दूभर हो गया था।


 27 मार्च को लगाए गए पिंजरे-


अंततः रालामंडल वन विभाग इंदौर की रेस्क्यू टीम व शिवगढ़ वन परिक्षेत्र ने एक संयुक्त अभियान चलाकर पाटड़ी व बरडा में पिंजरे लगाएं व कैमरे भी लगाए। लगभग सप्ताह भर पूरी निगरानी रखी गई। फिर भी तेंदुआ वन विभाग की गिरफ्त में नहीं आया है। इधर 27 मार्च के पश्चात तेंदुए का मूवमेंट भी लगभग ना के बराबर ही सामने आया। सप्ताह भर पूरी निगाह रखने के पश्चात 2 अप्रैल को रालामंडल इंदौर की रेस्क्यू टीम व वन विभाग ने अपने साधन हटाकर लगभग यह मान लिया। कि फिलहाल तेंदुआ यहां से जा चुका है।


खतरा पूरा टला नहीं-


उधर ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा नहीं है कि खतरा पूरी तरह टल गया हो। तेंदुए ने भले ही बीते कुछ दिनों में पशुओं का शिकार नहीं किया हो,पर उसकी आवाजाही एकाध बार फिर देखी गई है। अभी भी ग्रामीण अंचल पूरी तरह से भी मुक्त नहीं है।


फिलहाल कोई मूवमेंट नहीं-


हमने सप्ताह भर तक निगरानी रखी। पिंजरे लगाए व पिंजरे में बकरे भी बांधे। परंतु तेंदुआ पकड़ में नहीं आया। फिलहाल तेंदुए की कोई हलचल भी सामने नहीं आ रही है। इसलिए सारे साधन दोनों ही स्थान से हटा लिए गए हैं। रालामंडल इंदौर की रेस्क्यू टीम को अन्य कहीं भी अपनी सेवाएं देना थी। अतः सारे साधन यहां से हटाकर अन्यत्र पहुंचाए गए।


बी.एल मालवीय डिप्टी रेंजर सैलाना।



अभी भी हम भय मुक्त नहीं-


हालांकि पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की कोई बड़ी हलचल सामने नहीं आई है। पर फिर भी पिंजरे हटाने के पश्चात भी एकाध बार तेंदुए की आवाजाही ग्रामीणों ने देखी है। अभी भी ग्रामीण अंचल के लोग पूरी तरह से भयमुक्त नहीं है। हमें डर अभी भी है।


राकेश राणा, पूर्व सरपंच बरडा