गेहूं उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन



/ गेहूं, चना, मसूर, सरसों उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन आगामी 5 मार्च तक जारी रहेगा। किसान पंजीयन विगत 5 फरवरी से प्रारंभ कर दिया गया है। शासन के निर्देशानुसार पंजीयन के लिए आधार कार्ड, बैंक खाता नंबर, मोबाइल नंबर लिंक होना आवश्यक है जिससे कि खरीदे गए गेहूं के भुगतान में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आएगी। किसान भाई आधार कार्ड से अपना बैंक खाता लिंक करने हेतु अपने बैंक की शाखा में जाकर अपना आधार कार्ड उपलब्ध कराएं।
आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक कराने के लिए अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस या अन्य आधार कार्ड सेंटर में जाकर अपना मोबाइल नंबर लिंक कराएं जिससे गेहूं उपार्जन के पंजीयन तथा खरीदी कार्य में कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एस.एच. चौधरी ने बताया कि गेहूं, चना, मसूर, सरसों उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन हेतु 5 प्रकार की व्यवस्थाएं बनाई गई है। किसान निर्धारित लिंक पर जाकर स्वयं के मोबाइल अथवा कंप्यूटर से नि:शुल्क पंजीयन कर सकते हैं। साथ ही ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत तथा तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों में भी नि:शुल्क पंजीयन करवा सकते हैं। गत वर्ष की भांति सहकारी समितियों, स्वयं सहायता समूह, एफपीओ एफपीसी द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों में भी वे अपना नि:शुल्क पंजीयन करा सकते हैं। एमपी ऑनलाइन, किओस्क, कॉमन सर्विस सेंटर एवं लोक सेवा केंद्र पर भी अपना पंजीयन करा सकते हैं।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि सकमी, बटाईदार एवं वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन समिति, एसएचजी, एफपीओ, एफपीसी द्वारा संचालित पंजीयन केंद्र में किया जाएगा। पंजीयन केंद्र पर किसान को आधार संबंधी दस्तावेज आधार नंबर से पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा सिकमी नामे की प्रति साथ में लाना होगी। वन पट्टाधारी किसान के पंजीयन में वन पट्टा क्रमांक, खसरा रकबे तथा बोई गई फसल की प्रविष्टि की जाएगी।