वॉक में युवाओं ने अपने शहर की धरोहरों और इतिहास के बारे में जाना
02 जनवरी 2022/ शहर में रविवार सुबह हेरिटेज वॉक का आगाज हुआ। कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी ने हेरिटेज वॉक को हरी झंडी दिखाई। यह अपनी तरह का अनूठा इवेंट्स था इसमें शामिल लोगों में अधिकांश युवाजन थे। युवाओं ने हेरिटेज वॉक के माध्यम से अपने शहर की धरोहरों और इतिहास के बारे में जाना। उनकी विशिष्ट खासियतो से रूबरू हुए। इस दौरान एसडीएम श्री अभिषेक गहलोत, डिप्टी कलेक्टरद्वय सुश्री कृतिका भीमावद, सुश्री मनीषा वास्कले, परियोजना अधिकारी शहरी विकास श्री अरुण पाठक, सीएसपी श्री हेमंत चौहान, स्टेशन रोड थाना प्रभारी श्री किशोर पाटनवाला, तहसीलदार श्री गोपाल सोनी आदि उपस्थित थे।
हेरिटेज वॉक का आरंभ गुलाब चक्कर से हुआ। रतलाम हेरिटेज संस्था और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शुरू की गई हेरिटेज वाक का उद्देश्य शहर के लोगों को उनकी प्राचीन धरोहरों, इतिहास, स्थापत्य कला, संस्कृति तथा अन्य अनछुए तथ्यों से अवगत कराना है। रतलाम हेरिटेज संस्था की सुश्री विनीता तांतेड तथा श्री प्रतीक दलाल ने समूह के साथ चलते हुए सर्वप्रथम गुलाब चक्कर के निर्माण, उसके निर्माताओं तथा समय काल के साथ वास्तु कला से अवगत कराया। इसके बाद समूह झाली तालाब पहुंचा। तालाब निर्माण के इतिहास की जानकारी एकत्रित लोगों को दी गई। अंत में रतलाम पैलेस (महलवाडा) पहुंचकर पैलेस के निर्माण, वास्तुकला, अंदरूनी तथा बाह्य विशिष्टताओ से अवगत कराया गया। पैलेस के निर्माणकर्ता महाराजा, रतलाम रियासत के इतिहास की जानकारी दी गई।
0 Comments
एक टिप्पणी भेजें