कलेक्टर से मिलने आए बाजना क्षेत्र के मजदूरों की मजदूरी का भुगतान सोमवार तक हो जाएगा
01 जनवरी 2022/ शनिवार को जिले के बाजना क्षेत्र के कुछ मजदूर कलेक्ट्रेट परिसर में आकर कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम से मिले। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी भी मौजूद थे। कलेक्टर ने मजदूरों की बात संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनी। मजदूरों ने वन विभाग के लिए किए गए कार्य की जानकारी देते हुए मजदूरी नहीं मिलने की बात कही।
कलेक्टर ने वाहन के द्वारा मजदूरों को जिला वन मंडल अधिकारी कार्यालय भिजवाया और जिला वन मंडल अधिकारी को निर्देशित किया कि समस्या का तत्काल समाधान करते हुए मजदूरी राशि दी जाए। कलेक्टर के निर्देश पर डीएफओ द्वारा दल का गठन किया गया है जो रविवार को मजदूरों द्वारा किए गए कार्य का सत्यापन करके रिपोर्ट दे देगा। इसके पश्चात सोमवार को मजदूरों के बैंक खातों में राशि डाल दी जाएगी। इसके साथ ही मजदूरों को रतलाम स्थित सिविक सेंटर में आवास व्यवस्था आदि भी उपलब्ध कराई गई है। उनका मेडिकल चेकअप भी करवाया गया है तथा एक बच्चे को चिकित्सालय उपचार आवश्यकता के दृष्टिगत जिला चिकित्सालय में भर्ती भी करवाया गया है।
0 Comments
एक टिप्पणी भेजें