नितेश राठौड़



सैलाना (निप्र) सैलाना विधायक व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत ने कहा है कि अगले माह 1 फरवरी से 28 फरवरी तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश की तर्ज पर रतलाम जिले में भी घर चलो, घर-घर चलो जनसंपर्क कार्यक्रम पूरे फरवरी माह चलेगा। जनता तक सीधी पहुंच वाले इस कार्यक्रम में डोर टू डोर पहुंचकर हर कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा सरकारों की विफलता व कांग्रेस के जन हितैषी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन को देंगे। इसमें सदस्यता अभियान भी चलेगा।

    विधायक व जिलाध्यक्ष गेहलोत ने गुरुवार शाम अपने निवास पर बुलाई गई पत्रकार वार्ता में मीडिया कर्मियों को ये जानकारी दी। गेहलोत ने बताया कि इस अभियान की जोर शोर से तैयारियां की गई है। जिले की सभी 16 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की बैठक लेकर उन्हें दिशा निर्देश व समझाइश दी गई है कि सभी कांग्रेस जन मिलजुलकर इस कार्यक्रम को इस प्रकार से चलाएं कि सीधे सीधे जनता के दिलों दिमाग पर भाजपा सरकार की विफलता अंकित हो जाए।
     गेहलोत ने बताया कि प्रतिदिन जिले के सभी 16 ब्लॉक संगठनों के कार्यकर्ताओं को पांच बूथों पर जाकर कांग्रेस के कार्यक्रमों की जानकारी के साथ ही भाजपा के जनविरोधी कार्यक्रमों को लोगों को बताना होगा।
  सदस्यता अभियान भी-
   गेहलोत के अनुसार इसी कार्यक्रम में कांग्रेस का सदस्यता अभियान चलाया जा कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को कांग्रेस से जोड़ा जाएगा। लोगों को बताया जाएगा भाजपा सरकारों के कार्यकाल में कानून व्यवस्था ध्वस्त हुई है। महंगाई चरम पर है। अपराधों में बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश के 2 बड़े नगरों भोपाल व इंदौर में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। अपराधो के मामले में यह दोनों शहर टॉप टेन में शुमार हुए हैं।
गेहलोत ने बताया कि यह सब चीजें बूथ स्तर पर कांग्रेसका कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस अभियान में आमजन के साथ शेयर करेगा। इसमें पुराने कांग्रेस जनो को भी ढूंढ-ढूंढ कर घरों से बाहर निकाल कर इस अभियान का हिस्सा बनाया जा कर आगे भी सक्रिय रखे जाने की कोशिश की जाएगी।
सारे संगठन मैदान में होंगे-
गेहलोत ने बताया कि कांग्रेस के सभी संगठन ब्लॉक कांग्रेस, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एन एस यू आई, सेवादल इसमें शिरकत करेंगे। तथा आम जन को भाजपा सरकारों से निजात दिलाने के इस अभियान में अपना पूरा योगदान देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 15 दिवस के पश्चात इस कार्यक्रम की समीक्षा भी होगी। यह समीक्षा जिला समन्वय समिति करेगी। उन्होंने कहा कि जिले में पूर्व से ही मजबूत होती जा रही कांग्रेस इस अभियान से और अधिक शक्तिशाली होगी।