नितेश राठौड़
जमीन विवाद में पिता और पुत्रो की हत्या
सैलाना- जिले की ग्राम पंचायत सांसर के ग्राम देवरुंडा में कुछ लोगों ने एक युवक व उसके दो बेटों की रस्सी से पानी की मोटर के साथ कुएं में फेंककर हत्या कर दी। हत्या जमीन विवाद व सरकारी कुएं (खाल) से पानी लेने के विवाद में करना बताई गई है। पुलिस सात संदिग्ध आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम के दौरान तीनों के शरीर पर गंभीर चोट के निशान व गला घोंटने के निशान नहीं दिखे। इससे माना जा रहा है कि तीनों को जिंदा रस्सी से बांधकर कुएं में फेंका गया था। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय लक्ष्मण भाभर पुत्र मांगू भाभर निवासी ग्राम देवरुंडा, उसके 13 वर्षीय पुत्र विशाल व 8 वर्षीय पुष्कर की हत्या की गई है।
लक्ष्मण का गांव में रहने वाले अपने रिश्ते के काका पूनमचंद उर्फ पूंजा भाभर से जमीन को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा है। वहीं कुछ दिन पहले पड़ोसी खेत वाले पीरू खराड़ी व उसके परिवार के लोगों से खेत के पास स्थित सरकारी कुएं (पानी का बड़ा गड्ढा) से सिंचाई को लेकर भी विवाद चल रहा था।
आरोप है कि इन दोनों कारणों के चलते तिहारे हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। एसपी गौरव तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में काका व पड़ोसी से विवाद की बात ही सामने आई है। कुएं को लेकर रविवार को भी विवाद हुआ था। सात संदिग्धों को राउंडअप किया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है।
लक्ष्मण के सिर पर चोट का निशान मिला है। यह पूछने पर कि तीनों को जिंदा बांधकर कुएं में फेंका गया या हत्या करने के बाद? एसपी तिवारी ने बताया कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है, रिपोर्ट मिलने के बाद पता चलेगा कि तीनों को जिंदा बांधकर कुएं में फेंका या हत्या करके।
*समझौता होने के बाद मारा*
मृतक लक्ष्मण भाभर के छोटे भाई जगदीश भाभर ने नईदुनिया को बताया कि जमीन विवाद व सरकारी कुएं (पानी के गड्ढे) से सिंचाई करने के विवाद में उसके दूर के काका आरोपित पूनमचंद्र उर्फ पूंजा भाभर व उदयसिंह भाभर, पड़ोसी खेत वाला पीरू खराड़ा, पूरी का भाई दिलीप खराड़ी, फूलजी गामड़, कमल, सुखराम आदि ने मिलकर उसके भाई व भतीजों की हत्या की है।
तीनों की हत्या रविवार शाम को साढ़े चार से साढ़े छह बजे के बीच करना बताई गई है। तीनों के नहीं मिलने पर जब स्वजन व ग्रामीण खेत पर पहुंचे तो लक्ष्मण के कुएं के बाहर निकालकर रखी पानी की मोटर नहीं दिखी। शंका होने पर कुछ लोग कुएं में उतरे तो तीनों के शव मोटर से बंधे दिखे। इसके बाद रात करीब आठ बजे पुलिस को सूचना दी गई। सैलाना थाना प्रभारी शिवमंगलसिंह सेंगर दल के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों की मदद से रात करीब साढ़े दस बजे शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद रात करीब एक बजे शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। सोमवार दोपहर करीब एक बजे पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपे गए। वे शव गांव ले गए व अंतिम संस्कार किया। वहीं सोमवार सुबह एसपी गौरव तिवारी व एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल घटनास्थल पहुंचे व जांच की।
0 Comments
एक टिप्पणी भेजें