नितेश राठौड़


सैलाना (निप्र) मां तो मां ही होती है। उसका वात्सल्य अपने बच्चों पर हमेशा बना रहता है। बच्चों की सुरक्षा के लिए मां किसी भी हद तक जा सकती है। भले ही व मां इंसानी हो या जानवर की हो। एक मादा नेवले का अपने बच्चों के प्रति अथाह वात्सल्य की एक घटना हाल ही में सैलाना में घटित हुई।

 जीव मैत्री परिवार के इंद्रेश चंडालिया ने नईदुनिया को एक ऐसी ही घटना की जानकारी दी व वीडियो, फोटो भी उपलब्ध करवाएं। चंडालिया ने बताया कि बोदिना रोड पर सच्चिदानंद आश्रम के निकट रंगबाड़ी मोहल्ला निवासी कारूलाल पाटीदार के खेत पर बने हुए कुएं में नेवले के दो बच्चे दुर्घटनावश गिर गए। खेत पर काम कर रहे कारुलाल को कुए के अंदर से जब अजीब सी आवाज आती सुनाई दी तो उन्होंने कुएं में झांक कर देखा तो नेवले के बच्चे गिरे हुए में नजर आए। वे बाहर निकलने के लिए मशक्कत कर रहे थे। पहले तो कारुलाल ने अकेले ही उन्हें निकालने की कोशिश की पर जब वे असफल रहे तो उन्होंने इंद्रेश चंडालिया को मोबाइल पर सूचना दी व मदद मांगी। इंद्रेश चंडालिया अपने साथी नारायण को लेकर मौके पर पहुंचे। इंद्रेश और कारु लाल ने ऊपर से रस्सी बांधकर रस्सी के सहारे नारायण को कुएं में उतारा और ऊपर से ही एक अन्य रस्सी द्वारा प्लास्टिक की एक कैरेट नीचे उतारी। बस फिर क्या था, देखते ही देखते महज 10 से 12 मिनट में यह ऑपरेशन सफल हो गया और कैरेट में बिठाकर दोनों बच्चे सुरक्षित बाहर निकाल लिये गए।

 *फिर हुआ मां का आगमन-* 

इंद्रेश बताते हैं कि यह पूरी घटना संभवतः आसपास कहीं पेड़ या झाड़ी की ओट में नेवले के दोनों बच्चों के मां देख रही थी। कैरेट से जैसे ही बच्चों की आवाजे सुनाई दी तुरंत ही मादा नेवले ने वहां पहुंचकर कैरेट के इर्द-गिर्द चक्कर लगाना शुरू कर दिया। वहां उपस्थित कारूलाल व इंद्रेश ने जब देखा तो उन्हें सब कुछ समझ में आ गया। उन्होंने धीरे से केरेट ही उलट दी। बस फिर क्या था, दोनों ही बच्चे सुरक्षित जमीन पर थे। मादा नेवले ने एक-एक बच्चे को बारी-बारी से बहुत ही प्रेम से अपने मुंह में दबाया और किसी सुरक्षित स्थान पर ले गई। मादा नेवले की स्फूर्ति  व हड़बड़ी से वहां उपस्थित तीनों व्यक्तियों का दिल बाग बाग हो गया।

कारूलाल बताते हैं कि उस दिन ऐसा सुकून मिल रहा था जैसे कोई बहुत बड़ा नेक काम किया हो। ऐसा आंतरिक सुकून कभी कभार ही मिलता है।