नितेश राठौड़


*कन्या शिक्षा के मामले में प्रदेश सरकार पूरी तरह संवेदनशील हैं प्रदेश की कोई भी कन्या अशिक्षित नहीं रहेगी* 

सैलाना (निप्र) प्रदेश की भाजपा सरकार बालिका शिक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। प्रदेश की कन्याएं पढ़ लिखकर बड़े ओहदो पर पहुंचे व अपने क्षेत्र तथा प्रदेश का नाम रोशन करें, यही हमारी सरकार का प्रयास है। इसी के मद्देनजर प्रदेश के 89 अनुसूचित क्षेत्रों में कन्या शिक्षा परिसर खोले गए हैं। यहां रहने, खाने, पीने की पूरी सुविधा के साथ अजजा वर्ग की बच्चियां पढेगी, लिखेगी और आगे बढ़ेगी।

यह बात क्षेत्रीय सांसद गुमान सिंह डामोर ने सैलाना में कन्या शिक्षा परिसर में आयोजित कन्या पूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में कही। वे सर्व सुविधा युक्त कन्या शिक्षा परिसर के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे।

सांसद डामोर ने कहा कि पूरे प्रदेश के लिए यह गर्व की बात है कि हमारे मुखिया शिवराज सिंह जी जैसे संवेदनशील व्यक्ति हैं। उनका पूरा ध्यान अन्य विकास कार्यो के अलावा बेटियों पर बहुत ज्यादा है। हम आज यहां छठी से 12वीं तक की 490 कन्याओं को प्रवेश देकर आवास, खानपान, कुशल अध्यापन की सुविधा दे रहे हैं।

जिला भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनैरा, पूर्व विधायक संगीता चारेल, पूर्व मंडी अध्यक्ष डॉ विजय चारेल, मंडल भाजपा अध्यक्ष श्याम धाकड़ ने भी संबोधित कर प्रदेश सरकार की शिक्षा प्रणाली की भूरी भूरी प्रशंसा की।

स्वागत भाषण देते हुए विभाग की सहायक आयुक्त मनीषा वास्कले ने पूरे कन्या शिक्षा परिसर योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला।

 *यह थे मंचासीन-* 

सांसद डामोर के साथ पूर्व विधायक संगीता चारेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनैरा, पूर्व मंडी अध्यक्ष डॉ विजय चारेल, मंडल भाजपा अध्यक्ष श्याम धाकड़, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र जायसवाल, एसडीएम कामनी ठाकुर, मनीषा सिलावट, किशोर कसेरा, अंबिका पाटीदार मंचासीन थे।

 *यह थे उपस्थित-*

 मुकेश पटेल, किशोर भाभर, अंशुल पटेल व समस्त छात्राएं समारोह में उपस्थित थे। संचालन शिक्षक विक्रम भाटी ने किया। तथा आभार प्रदर्शन प्राचार्या सुनीता छजलानी ने किया।

बाद में मीडिया से चर्चा के दौरान सांसद ने कहा कि प्रदेश में कोई भी कन्या अशिक्षित नहीं रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि गरबा हमारी संस्कृति है इस पर रोक नहीं होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर की घटना पर किए गए सवाल को टालते हुए सांसद ने टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे वहां नहीं गए हैं इसलिए नहीं बता सकते कौन सही और कौन गलत है।

 *2 दिन में सारे पंखे चालू करें-* 

कन्या शिक्षा परिसर के कई खराब पंखों को देखकर जब मीडिया कर्मियों व भाजपा जनों ने सांसद का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया तो उन्होंने तुरंत सहायक आयुक्त मनीषा वास्कले को निर्देश दिए कि 2 दिन में परिसर के सारे पंखे चालू होने चाहिए।

 *सांसद को याद दिलाया-* 

समारोह के पश्चात वल्लभ मार्ग तथा बगरियों की खेड़ी के कई रहवासियों ने सांसद को याद दिलाया कि उन्होंने दोनों मोहल्ले के रहवासियों के पट्टे दिलाने का आश्वासन दिया था। रहवासियों ने यह भी कहा कि सांसद के कहे अनुसार सभी रह वासियों ने ऑनलाइन आवेदन कर दिए हैं फिर भी अभी तक प्रशासनिक प्रक्रिया अटकी पड़ी है। सांसद ने तुरंत एसडीएम कामनी ठाकुर को निर्देश दिए  कि शीघ्र ही इस दिशा में में कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाकर सभी को पट्टे दिलाए जाए।