नितेश राठौड़
*यह है पूरा मामला-*
दरअसल सैलाना के वार्ड क्रमांक 12 में एक दिव्यांग महिला अपने बेटे पुष्कर के साथ रहती थी। आरोप है कि पुष्कर पैसों के लिए अक्सर अपनी मां को परेशान करता रहता था। हाल-फिलहाल अपनी शादी के लिए 5 हजार रुपए नहीं देने पर उसने इस कृत्य को अंजाम दिया। जांच अधिकारी पुलिस उपनिरीक्षक केएल दायमा ने सोमवार शाम सैलाना पुलिस थाने पर मीडिया को बताया कि 30 सितंबर रात 10:30 पर पुष्कर अपनी दिव्यांग मां को एक टोटका करने के बहाने नाला रोड स्थित व्यास चौक के पास एक सरकारी कुईया पर ले गया। उसने मां से कहा ओम नमः शिवाय बोलते हुए आंखें बंद करके कुईया के पास बैठकर एक नारियल कुइया के पानी में डालने से अपने घर की सारी परेशानी दूर हो जाएगी। बेचारी मां ने वैसा ही करना शुरू किया तो आंखें बंद करते ही इस कलयुगी बेटे ने मां को धक्का देकर कुइया में ही गिरा दिया और भाग गया। उधर मां कलाबाई ने कुईया में गिरने के बाद कुईया के अंदर लगी मोटर के पाइप पर लटककर शोर मचा दिया। तो आसपास के लोगों ने आकर जैसे तैसे उसे सुरक्षित निकाल लिया। इतना होने के बाद भी माता कलाबाई आसानी से अपने बेटे के खिलाफ रिपोर्ट करने के लिए तैयार नहीं हुई। बाद में स्वजनों व अन्य लोगों की समझाइश पर उसने पुत्र पुष्कर के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई तो पुलिस ने मामले को जांच में लिया।
दायमा ने बताया कि पुलिस ने कलाबाई तथा उसके दोनों भाइयों गोपाल व राजेंद्र के बयान लिए व अन्य लोगों से भी चर्चा की तथा जांच के उपरांत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को ढूंढना शुरू किया। सोमवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुष्कर को सैलाना जनपद पंचायत परिसर से गिरफ्तार कर पूछताछ कर सोमवार शाम उसे जेल भेज दिया। पुष्कर को पकड़ने में एसआई मनोज पाटीदार, उपनिरीक्षक के.एल. दायमा, इस्माइल शाह अनिल डोडियार की अहम भूमिका रही।
0 Comments
एक टिप्पणी भेजें