26 सितम्बर तक हो प्रथम डोज़ का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन : मुख्यमंत्री श्री चौहान - 15 सितम्बर को डेंगू के विरूद्ध विशेष अभियान - मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम से भी चर्चा कर जानकारी प्राप्त की
#ratlam 10 सितम्बर 2021/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में 26 सितम्बर तक प्रथम डोज़ का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन पूर्ण किया जाए। सभी पात्र व्यक्तियों के टीकाकरण के लिए वोटर लिस्ट को आधार बनाया जाए। गाँव तथा वार्डों से जो व्यक्ति रोजगार के सिलसिले में बाहर गये हैं उनकी जानकारी दर्ज कर शेष सभी व्यक्तियों को वैक्सीन की प्रथम डोज लगाना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान स्वयं 15 सितम्बर को प्रात: 10 से 10:30 बजे के बीच डेंगू के विरूद्ध इस अभियान में फॉगिंग, लारवा नष्ट करने, जल जमाव को खाली करने जैसी डेंगू से बचाव और नियंत्रण संबंधी गतिविधियों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग से कम वैक्सीनेशन और डेंगू प्रभावित जिलों के कलेक्टरों से वर्चुअली चर्चा कर रहे थे। डेंगू प्रकोप के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कलेक्टर रतलाम श्री कुमार पुरुषोत्तम से भी चर्चा की। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री को जिले में डेंगू प्रकोप के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि शीघ्र अति शीघ्र जिले में डेंगू पर कंट्रोल कर लिया जाएगा। 17 जिलों के कलेक्टरों से पूछा कम टीकाकरण का कारण मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 70 प्रतिशत से कम वैक्सीनेशन वाले जिलों सतना, श्योपुर, भिण्ड, धार, रीवा, सीधी, खरगौन मंडला, मुरैना, कटनी, बालाघाट, छिन्दवाड़ा, शिवपुरी, सिंगरोली, बड़वानी, अलीराजपुर और बैतूल के कलेक्टरों से टीकाकरण में कमी के कारणों पर चर्चा की। सतना कलेक्टर ने कहा कि टीके की डोज पर्याप्त है पर सिरींज कम मिल पाने के कारण टीकाकरण प्रभावित हुआ है। छिंदवाड़ा कलेक्टर ने बताया कि पोला, तीजा आदि त्यौहारों से टीकाकरण की गति प्रभावित हुई है। बैतूल कलेक्टर ने कहा कि त्यौहारों के साथ अधिक वर्षा ने टीकाकरण को प्रभावित किया है।