ग्राम पंचायत मचुन में लोग नाली निर्माण कराने लंबे समय से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनने को तैयार नहीं है।
अर्जुन पाटीदार
ग्राम पंचायत मचुन में लोग नाली निर्माण कराने लंबे समय से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनने को तैयार नहीं है।
अब हाल यह है कि उनके घरों के सामने गंदा पानी भरा रहा है और इसी में से आवाजाही करना पड़ रही है। इसको लेकर ग्रामीणों ने पंचायत को अवगत भी कर दिया है, लेकिन उसके बाद भी कोई भी सुनवाई नहीं कर रहा है।
मचुन गांव के बाशिंदे मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे हैं। यह गांव विकास में पिछड़ा हुआ नजर आ रहा है। मूल समस्या नाली निर्माण की है। नाली निर्माण नहीं होने के कारण घर से निकलने वाला गंदा पानी मुख्य रास्ते पर आकर फैल रहा है। निकासी नहीं होने से पानी एक जगह ही भरा हुआ है। लोगों को भी मजबूरी में इसी गंदे पानी से होकर जाना पड़ रहा है। गंदा पानी महीनों से भरा होने के कारण बीमारियों का प्रकोप बढऩे लगा है। उल्लेखनीय है कि ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर पूर्व में कई बार अफसरों को अवगत कराया है। यह तक की सरपंच व सचिव को मौखिक रूप से समस्या बताई है। उसके बावजूद उनकी समस्या की तरफ किसी ने ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा है। ग्राम पंचायत व अफसर हर बार बजट नहीं होने की बात कहते हुए लोगों को टाल देते हैं। समस्या दूर नहीं होते देख अब लोग मायूस नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि कोई उनकी परेशानी को देखने व सुनने वाल नहीं है। उल्लेखनीय है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि भी वोट लेने तो आते हैं, लेकिन चुनाव होने के बाद लोगों को क्या परेशानी है और उसे कैसे दूर किया जाएं इसकी जानकारी लेने तक नहीं आते हैं। इसी तरह की स्थिति इस गांव की भी बनी हुई है।
पत्थर रखकर निकल रहे लोग: अभी हालत यह है की रास्ते पर पानी भरा होने से लोगों को ईंट रखकर निकलना पड़ रहा है। खास बात यह है कि इससे उनके साथ दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इसके बाद भी अफसर, जनप्रतिनिधि लापरवाही दिखाने में लगे हैं।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें