पिपलौदा - तहसील में अतिवृष्टि से प्रभावित हुई सोयाबीन की फसल का सर्वे करने व किसानों को मुआवजा देने की मांग
को लेकर जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार किरण बरबड़े को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राजस्व पुस्तक परिपत्र के अनुसार खराब फसलों का मुआवजा प्रदान करने,प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों के खेतों में किए जा रहे रेंडम सर्वे में राजस्व विभाग कृषि विभाग तथा बीमा कंपनी के साथ ही किसानों तथा गांव के जनप्रतिनिधियों को डुंडी पिटवा कर सूचित करने आदि मांग की गई। कांग्रेस नेता सोलंकी ने बताया कि अतिवृष्टि से खराब हुई सोयाबीन बमुश्किल 50 किलो से 1 क्विंटल प्रति बीघा ही पैदावार हो रही है तथा यह खराब फसल व्यापारी 2500 से 2800 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से खरीद रहे हैं एक तरफ किसानों ने सोयाबीन का बीज 10 से ₹11000 प्रति क्विंटल में खरीदा वही खराब फसल सस्ते दामों में बिकने से किसानों को भारी घाटा उठाना पड़ रहा है। इस दौरान क्षेत्र के किसानों ने तहसीलदार को खेतों से लाई गई खराब फसलो को भी दिखाया जो अतिवृष्टि से दागी हो गई है तथा अंकुरित भी होने लगी है।तहसीलदार बरबडे ने ज्ञापन के उपरांत मौजूद किसानों तथा कांग्रेस नेताओं को आश्वस्त किया कि फसल बीमा योजना में पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य होगा तथा गांव में सार्वजनिक मुनादी उपरांत ही सर्वे कार्य होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता नंदराम शाह,महेश नांदेचा,जनपद सदस्य ज्ञानचंद जैन,शहर काग्रेस अध्यक्ष रईस मंसूरी,कन्हैयालाल मईडा,हर्ष कटारिया,महेन्द्रसिंह, सत्यनारायण बैरागी,प्रदीप कुमावत,प्रकाश पाटीदार,जगदीश सोलंकी,कुलदीप झाला,मनदीप सिंह,दिलीप सिंह आंबा आदि कार्यकर्ता सहित किसान मौजूद थे ।