पिपलौदा। जनपद के विभिन्न ग्रामों में सफाई के अभाव में मच्छरों के कारण मलेरिया तथा डेंगू जैसी बीमारियों का प्रकोप फैलने लगा
है। स्वास्थ्य विभाग सर्वे को लेकर अपनी पीठ थपथपा रहा है, लेकिन सफाई के लिए जिम्मेदार पंचायत विभाग के अधिकारियों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक के कर्मचारियों को ग्रामीणों के जीवन की कोई परवाह नहीं है। पहले ग्राम मावता, सुखेड़ा तथा अब हतनारा में डेंगू के मरीजों की पुष्टि हो रही है। इसका मुख्य कारण ग्रामों में चरमराई सफाई व्यवस्था तथा नालियों में भरा गंदा पानी है। ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था के अभाव में बुखार तथा अन्य मौसमी बीमारियों से ग्रामीण परेशान हो रहे हैं, लेकिन पंचायत विभाग की लापरवाही के कारण कीचड़, गंदगी तथा जल जमाव की स्थिति हो रही है। इस बारे में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.योगेन्द्रसिंह गामड़ से चर्चा की गई तो उन्हें खुद पता नहीं है कि सर्वे की क्या स्थिति तथा क्या परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होने मलेरिया निरीक्षक से चर्चा के लिए कह कर पल्ला झाड़ लिया। स्वास्थ्य सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों में नगण्य है तथा छोटी से छोटी स्वास्थ्यगत परेशानी के लिए पिपलौदा, सैलाना, जावरा तथा रतलाम का रूख ग्रामीणोें का करना पड़ता है। मलेरिया निरीक्षक अशोक पोरवाल ने बताया कि सर्वे चल रहा है तथा ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन डेंगू के मरीजों की पुष्टि जिला चिकित्सालय के माध्यम से ही हो सकती है। इसके लिए 15 सितंबर से एक अभियान चलाया जाएगा, जिसमें व्यापक रूप से घर-घर सर्वे कर बुखार की स्थिति वाले मरीजों को संदिग्ध की श्रेणी में रख कर इलाज किया जाएगा। ग्रामों में फैल रही गंदगी के बारे में पंचायत के सचिवों से पूछा जाता है तो उनका टालू जवाब होता है। ग्राम पंचायत हतनारा की सचिव सुनीता चावड़ा का कहना है कि आप बता दो गंदगी कहां है, सफाई करवा देंगे। इससे साफ जाहिर होता है कि कार्यालय में बैठ कर सफाई तथा बीमारियों से जंग लड़ी जा रही है तथा ग्रामीणों के स्वास्थ्य की कितनी चिन्ता इन जिम्मेदार सचिवों को है। जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी से भी संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसिव नहीं की।