अर्जुन पाटीदार हतनारा पिपलौदा - पिपलौदा नगर में अपने निजी कार्यलाय पर सुखेड़ा ग्राम पंचायत के सचिव जगदीश पांचाल को लोकायुक्त पुलिस उज्जैन की टीम ने एक किसान से दो हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। ग्राम धामेड़ी के किसान शंकरलाल मालवीय अपनी दो बीघा जमीन में नींबू और जामफल का बगीचा लगाना चाहता है। उसने करीब एक साल पहले शासन की फलोद्यान योजना का लाभ लेने के लिए ग्राम पंचायत सुखेड़ा में आवेदन किया था। पंचायत को आवेदन मंजूर कर उसकी फाइल कम्प्लीट कर जनपद पंचायत में भेजना थी लेकिन पंचायत सचिव द्वारा फाइल कम्प्लीट नहीं की जा रही थी। बारबार चक्कर लगाने के बाद 15 दिन पहले सचिव ने उससे कहा कि पांच हजार रुपये देना पड़ेंगे,तभी वह उसकी फाइल कंप्लीट कर आगे भेजेगा। उसने 23 जुलाई को सचिव जगदीश को तीन हजार रुपये दिए थे। शेष दो हजार रुपये सोमवार को देने की बात हुई थी। इसके बाद शंकरलाल ने उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय जाकर लोकायुक्त एसपी को शिकायत की थी। शिकायत पर लोकायुक्त ने जगदीश को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई तथा लोकायुक्त का दल निरीक्षक रविंद्र कुमार पाराशर व बलवीर यादव के नेतृत्व में सोमवार दोपहर पिपलौदा पहुंचा। पंचायत सचिव जगदीश ने शंकरलाल को पिपलौदा स्थित अपने निजी कार्यालय पर रुपए लेकर बुलाया वही दल उसके कार्यालय के आस पास घेराबंदी कर पहले ही छिप गया था शंकरलाल ने कार्यालय में जाकर जगदीश को दो हजार रुपये दिए और दल को इशारा किया। तभी दल वहां पहुंचा और जगदीश को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दल में आरक्षक विशाल रेशमिया,हितेष ललावत,अनिल अटोरिया व कमलेश लववंशी भी शामिल थे।