रतलाम 15 जुलाई 2020/ रतलाम में स्थानीय विधायक सभागृह बरबड पर 16 जुलाई को आयोजित किए जा रहे प्रवासी श्रमिकों के लिए रोजगार मेले की व्यवस्थाओं हेतु कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौपे गए हैं।
जारी किए गए आदेश के अंतर्गत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री संदीप केरकेट्टा संपूर्ण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील पाटीदार को कानून व्यवस्था पुलिस बल तैनाती का दायित्व सौंपा गया है। आयोजन स्थल पर संपूर्ण आवश्यक व्यवस्थाओं जैसे कैंट, बिजली, पानी, मंच आदि के लिए महाप्रबंधक उद्योग केंद्र श्री अमरसिंह मोरे को दायित्व सौंपा गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर प्रभाकर ननावरे मुख्य द्वार एवं अन्य द्वारों पर थर्मल स्कैनिंग, सैनिटाइजर, मास्क तथा फर्स्टएड व्यवस्था देखेंगे। अधीक्षण यंत्री विद्युत श्री एल.के. सोनेजी को विद्युत व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु पाबंद किया गया है। प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी आयोजन पर होने वाले व्यय की व्यवस्था, प्रवासी श्रमिकों को लाने एवं मेला आयोजन प्रतिवेदन का कार्य करेंगे। प्रबंधक उद्योग विभाग श्री महेंद्र नागराज, श्रीमती शोभा चौहान, सहायक प्रबंधक श्री चौहान, श्री नीरज वरकडे, नाश्ते, पेयजल, फूल माला, पंजीकृत नियोक्ताओं का आमंत्रित करने का कार्य करेंगे।