वृक्ष मित्र वाहिनी शहर में भ्रमण कर उचित दरों पर पौधे उपलब्ध कराएगी
रतलाम 23 जून 2020/ कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा प्रत्येक घर को हरियाली से आच्छादित करने के लिए हर घर हरियाली अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका आरंभ गुरुवार से होगा। आने वाले गुरुवार से वन विभाग की वृक्ष मित्र वाहिनी शहर में भ्रमण कर उचित दरों पर नागरिकों को पौधे उपलब्ध कराएगी। वृक्ष मित्र वाहिनी पर बहेड़ा, आँवला, बेलपत्र जैसे औषधीय पौधों के अलावा फलदार एवं वानिकी पौधे भी उपलब्ध रहेंगे।
जिले में वन विभाग की नर्सरियों पर पर्याप्त मात्रा में विभिन्न प्रकार के पौधे उपलब्ध हैं जिनके माध्यम से नागरिक अपने घरों को हरियाली से सुसज्जित कर पर्यावरण मित्र की भूमिका भी निभा सकते हैं जो आज के दौर में सर्वाधिक आवश्यक है। वन विभाग की वेन में ऊंचाई के अनुसार 12 रुपए से लेकर 45 रुपए तक के पौधे क्रय करने हेतु उपलब्ध रहेंगे। नागरिक पौधे क्रय कर अपने आसपास खाली स्थानों या घर परिसर में उपलब्ध स्थान में रोपित कर सकते हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने अपील की है कि नागरिक प्रत्येक रविवार या अन्य कोई दिवस चयन कर व्यापक रूप से प्रति सप्ताह पौधे लगाने का कार्य करें। एक बच्चा एक पौधा लगाने के संकल्प के साथ अपने घरों तथा वातावरण को हरियाली से आच्छादित करने का संकल्प लेवे। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा बुधवार को नागरिकों से जनसंवाद भी किया जाएगा।