RATLAM 27 जून 2020/ जिला प्रशिक्षण केंद्र पर आगामी 1 से 15 जुलाई के मध्य आयोजित होने वाले स्पेशल फीवर स्क्रीनिंग कैंपेन किल कोरोना अभियान की पूर्व तैयारियों के संबंध में बैठक की गई। सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि अभियान में कोवड 19 के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए समस्त बुखार के रोगियों का परीक्षण कर उनकी कोविड 19 की जॉंच के साथ-साथ मलेरिया और डेंगू रोग से संबंधित जॉंच भी की जाएगी।
डॉ. ननावरे ने बताया कि इस अभियान में गठित दल द्वारा 1 से 15 जुलाई के बीच घर-घर जाकर बुखार के रोगियों की जॉच की जाएगी और उनमें कोविड 19 के लक्षण पाए जाने पर उनकी कोविड 19, मलेरिया, डेंगू का उचित उपचार और प्रबंधन किया जाएगा। इस संबंध में कार्यक्रम के नोडल अधिकारी संबंधित अनुभाग के एसडीएम रहेंगे और सहायक नोडल अधिकारी बीएमओ रहेंगे। रतलाम जिले में अभियान के लिए 261 टीमों का गठन किया गया है जिसमें टीम लीडर एएनएम रहेगी। टीम में एएनएम के साथ साथ आशा, आंगनवाडी कार्यकर्ता, पंचायत विभाग के कर्मचारी तथा बीएलओ द्वारा मैदानी स्तर पर सहयोग प्रदान करेंगे जबकि सुपरवायजर्स कार्यक्रम की मॉनिटरिंग करेंगे।
कोविड 19 के संदिग्ध प्रकरण पाए जाने की दशा में सार्थक एप पर एएनएम द्वारा बुखार के मरीजों की जानकारी की प्रविष्टि की जाएगी एवं चिकित्सीय परीक्षण मोबाईल मेडिकल यूनिट द्वारा किया जाएगा। चिकित्सीय परीक्षण में मरीज के चिन्ह लक्षणों के आधार पर मरीज के परिवहन, सैंपलिंग आदि की उचित कार्यवाही कर मरीजों का उचित उपचार किया जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. प्रमोद प्रजापति ने बताया कि अभियान के दौरान मलेरिया, डेंगू के मरीजों के परीक्षण की व्यवस्था ग्राम स्तर पर उपलब्ध करा दी गई है। मरीजों के उचित उपचार और देखभाल के संबंध में सभी व्यवस्थाऐं बना ली गई हैं।
एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव बोरीवाल ने बताया कि जिन मरीजों में कोविड 19 के लक्षण पाए जाएंगे उनकी कांटेक्ट ट्रेसिंग की जाएगी और बीमारी की रोकथाम तथा नियंत्रण के लिए कार्य किया जाएगा। जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. जी.आर. गौड ने कहा कि फीवर स्क्रीनिंग के लिए जिले में संचालित फीवर क्लिनिक की लोगों को जानकारी प्रदान की जाए एवं अधिक से अधिक लोगों को समय पर उचित उपचार किया जाए। बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वर्षा कुरील, डीपीएम डॉ. अजहर अली, बीएमओ डॉ. प्रतिभा शर्मा, डॉ. शैलेष डांगे, डॉ. जितेन्द्र जायसवाल, डॉ. देवेन्द्र मौर्य, डॉ. योगेन्द्र गामड, चाई समन्वक सुश्री पल्लवी राजावत एवं बीईई बीपीएम तथा बीसीएम उपस्थित रहे।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें