कोटा से रतलाम पहुँचे बच्चे, सकुशल घर के लिए भेजे गए
--
माननखेड़ा चेकपोस्ट पर की गई बच्चों की स्क्रीनिंग

#RATLAM 23 अप्रैल 2020/ मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की पहल पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशन में कोटा राजस्थान में अध्ययन करने वाले जिले के 39 बच्चे सकुशल रतलाम लाए गए हैं। उनको वाहनों द्वारा अपने घरों को पहुंचाया गया है। इनमें रतलाम के अलावा जावरा, ताल, आलोट, पिपलोदा, रावटी के बच्चे सम्मिलित हैं। बसों से जिले के माननखेड़ा चेकपोस्ट पहुंचने पर बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। चिकित्सकों द्वारा उनका मेडिकल चेकअप किया गया। माननखेड़ा में बच्चों के लिए भोजन व्यवस्था भी की गई थी।

इस दौरान कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशानुसार सभी बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही समझाईश दी गई कि सभी अपने घर पहुंचे और 14 दिन होम क्वारंटाइन में रहें। राजस्थान के कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे प्रदेश के छात्र-छात्राओं को उनके घर पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा व्यवस्था की गई है। चेक पोस्ट पहुंचने पर जिले के छात्र-छात्राओं के नाम, पता आदि जानकारी दर्ज की गई। बच्चों के मोबाइल में सार्थक ऐप भी डाउनलोड करवाया गया।
-----------------
लापरवाही तथा आदेश की अवमानना पर 25 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित

रतलाम 23 अप्रैल 2020/ गुरुवार को लॉक डाउन में दी गयी छूट में लापरवाही बरतने एवं आदेश की अवमानना पर 6 अलग-अलग प्रकरण में 25 लोगो के विरुद्ध धारा 188 के तहत कार्यवाही प्रस्तावित की गई है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि राजस्व अमले द्वारा की गई कार्रवाई में 2 फुटकर सब्जी विक्रेता के विरुद्ध, 10 किराना दुकानदारों के विरुद्ध जिनके द्वारा सोशल डिस्टनसिंग का पालन नही किया जा रहा था, 7 जो बगैर मास्क पहने घूम रहे थे, 2 अनावश्यक रूप से वाहन दौड़ा रहे थे, 3 व्यक्ति जिन्हें औषधि/दवाइयां लाने हेतु अनुमति दी गयी थी तथा अन्य जिले से दूसरे व्यक्तियों को वाहन में बैठा कर ला रहे थे, के विरुद्ध कार्यवाही की गई।
-------------------
औद्योगिक इकाइयों को संचालन की अनुमति जारी की गई

रतलाम 23 अप्रैल 2020/ जिला दंडाधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा लॉकडाउन में गुरुवार को 9 औद्योगिक इकाइयों को सशर्त संचालन की अनुमति दी गई है।

अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिन औद्योगिक इकाइयों को अनुमति जारी की गई है उनमें तहसील सैलाना के ग्राम बोदीना की मैसर्स एन. जी. पटेल, तहसील जावरा के ग्राम बन्नाखेड़ा की जैन एग्रो फूड्स, रतलाम तहसील के ग्राम सालाखेड़ी के श्री कृष्ण टायर रिट्रेडिंग, तहसील जावरा के ग्राम बनवाड़ा की बालाजी माइंस, तहसील जावरा के ग्राम रोजाना की मारुति स्टोन क्रेशर, तहसील जावरा के ग्राम सेजावता की गुंजन एडिबल तथा सम्राट इंडस्ट्रीज, तहसील जावरा के ग्राम बड़ावदा के नरदेव शर्मा स्टोन क्रेशर तथा तहसील जावरा के ग्राम बड़ायला चौरासी की मैसर्स अरिहंत इन्फटेक सम्मिलित है।

इकाइयों को जिन शर्तों पर चालू करने की अनुमति जारी की गई है। उनके तहत न्यूनतम 30 प्रतिशत स्टाफ श्रमिक के साथ कार्य करना होगा। इकाई में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। सभी कर्मचारी श्रमिक मास्क लगाएंगे, आवश्यक सुरक्षा उपाय करेंगे। समस्त स्टाफ, श्रमिकों के रुकने, खाने-पीने की व्यवस्था जहां तक संभव हो इकाई परिसर में इकाई के स्वामी द्वारा की जाएगी। कर्मचारियों, श्रमिकों की चिकित्सा जांच कराना आवश्यक होगा। यदि उनका स्वास्थ्य खराब होता है तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर स्वास्थ्य परीक्षण की जिम्मेदारी इकाई स्वामी की होगी। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध श्रमिकों को इकाई में नियोजित करने में प्राथमिकता देंगे। इकाई में सैनिटाइजर का उपयोग करना अनिवार्य होगा। श्रमिकों को हाथ धोने के लिए साबुन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करनी होगी। श्रमिकों की आयु 50 वर्ष से अधिक नहीं हो। इकाई के गठित दल द्वारा सुरक्षा संबंधी जांच समय-समय पर की जाएगी। इकाई परिसर में स्टाफ, श्रमिक की टेंपरेचर स्क्रीनिंग उपकरण से प्रतिदिन जांच किया जाना आवश्यक होगा तथा शासन की गाइड लाइन में जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। शर्तों के उल्लंघन पर अनुमति स्वतः निरस्त मानी जाएगी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।