लॉकडाउन में अन्य राज्यों में फंसे रतलाम जिले के 297 मजदूरों के लिए उन्हीं स्थानों पर रहने तथा भोजन की व्यवस्था करवाई गई

RATLAM / मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशों के पालन में जिला प्रशासन रतलाम द्वारा लॉकडाउन में देश के अन्य राज्यों में फंसे जिले के  मजदूरों के लिए उन्हीं स्थानों पर रहने तथा भोजन की व्यवस्था करवाई जा रही है, जहां वे वर्तमान में रह रहे हैं।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि जिले के विभिन्न राज्यों में रह रहे 297 मजदूरों के लिए भोजन ठहरने तथा अन्य व्यवस्थाएं उन स्थानों के प्रशासन से चर्चा करके करवाई गई हैं।

कलेक्टर ने बताया कि संयुक्त कलेक्टर श्री एम.एल. आर्य द्वारा जिले के मजदूरों हेतु उन राज्यों के संबंधित जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा करके व्यवस्था करवाई जा रही है ताकि वही सुरक्षित रहकर भोजन, पेयजल, ठहरने की सुविधा हो जाए।

इस संबंध में संयुक्त कलेक्टर श्री एम.एल.आर्य ने बताया कि आंध्रप्रदेश के चित्तूर जिले के कोरन गुंडा में रतलाम जिले के 70 मजदूरों के लिए इंतजाम करवाए गए हैं। इसके अलावा तिरुपति में 85, राजस्थान जैसलमेर के चंदन लाठी में 62, गुजरात के कच्छ के अंजार में 10, कर्नाटक के गुलबर्गा के आदित्य नगर सेडम में 25, गुजरात के भुज में रह रहे 17 तथा राजस्थान जालौर के रानीवाड़ा में रतलाम जिले के 28 मजदूरों के लिए वहां के कलेक्टर, अपर कलेक्टर या नोडल अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क किया जाकर भोजन एवं निवास की व्यवस्थाएं करवाई गई है।