विधायक राजेंद्र पांडे ने जावरा अस्पताल में जायजा लिया

#RATLAM 27 मार्च 2020/ कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश शासन हरसंभव प्रयास कर रही है। हर व्यक्ति को पूरी तरह से लॉकडाउन का पालन करना जरूरी है तभी हम अपने जीवन को बचा सकेंगे। सरकार ने चिकित्सा सुविधा के लिए कोई कमी नहीं रखी है।

उक्त बात जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने सिविल हॉस्पिटल जावरा महिला चिकित्सालय के अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिंगनोद, ढोढर एवं जिले की सीमा केंद्र टोल नाका माननखेड़ा व चिकलाना स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के दौरान कही। सिविल हॉस्पिटल जावरा में कोरोना संक्रमण की जांच एवं उसके उपचार हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ अनुविभागीय अधिकारी राहुल धोटे, बीएमओ डॉ.  पालडीया भी थे। आपने स्पष्ट कहा कि किसी भी चिकित्सा व्यवस्था के लिए धनराशि की कमी नहीं आने दी जाएगी। म प्र शासन ने पूरी तरह से व्यवस्थाएं की है।

यहां आपने चिकित्सा सुविधा एवं उपकरण हेतु अपने पिता व पूर्व सांसद स्व. डॉ. लक्ष्मीनारायणजी पांडेय की स्मृति में निजी रूप से 51 हजार रु का चेक एसडीएम श्री धोटे को प्रदान किया। इसके पूर्व विधायक डॉ. पांडेय अपने एक माह का वेतन भी मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा कर चुके हैं। विधायक डॉ. पांडेय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिंगनोद पहुंचे जहां उन्होंने अस्थाई रूप से छात्रावास मे बनाए आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में किए जा रहे सेनेटराइज कार्य का भी निरीक्षण किया। बाद में जिले की सीमा टोल नाका माननखेड़ा भी पहुंचे। उसके पश्चात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढोढर, कालूखेड़ा, मावता एवं चिकलाना में भी कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा  लिया।
-----------------
कोरोना की रोकथाम हेतु सेनेटराईज करने हेतु दवाई का वितरण

रतलाम 27 मार्च 2020/ जनपद पंचायत रतलाम की 95 ग्राम पंचायतों में जिला कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के निर्देशानुसार सार्वजनिक स्थानों पर कोरोना की रोकथाम हेतु सेनेटराईज करने हेतु दवाई का वितरण जनपद पंचायत से किया गया।

ग्राम पंचायतो के सचिवों को निर्देश दिए गए कि ग्राम पंचायत के सार्वजनिक स्थानों, ग्राम पंचायत भवन, आंगनवाडी भवन, उचित मूल्य की दुकान, दुग्ध डेयरी तथा सार्वजनिक पेयजल (हैण्डपम्प) पर उक्त दवाई का छिडकाव करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सचिवों को यह भी निर्देश दिए गए कि बाहर से आने वाले व्यक्तियों की सतत् निगरानी रखे एवं किसी भी प्रकार की घटना की सूचना कंट्रोल रुम के फोन नं. 07412- 242400 पर दर्ज करवाएं। लाकडाउन का पूर्ण रुप से पालन ग्रामीण क्षेत्रों में भी करवाया जाए तथा निराश्रित एवं बेसहारा लोगों के भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दवाई वितरण मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री लक्ष्मणसिंह डिंडोर, श्री एम.एल. चौहान, श्री कमलेश पापरीवाल, श्री संजय शर्मा, श्री धन्नालाल फुलेरिया, श्री हंसराज चौधरी तथा श्री बंसीलाल भाभर द्वारा किया गया।