कोरोना_वायरस से बचाव के लिए जिला दंडाधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा रतलाम जिले की संपूर्ण राजस्व सीमाओं में दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।
जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत 30 मार्च की रात्रि 12:00 बजे से लेकर 1 अप्रैल की सुबह 6:00 बजे तक की अवधि में संपूर्ण जिले मे लॉकडाउन रहेगामें इस अवधि में सभी अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे, सभी अपने घरों में ही रहेंगे, जिले की सभी सीमाएं सील की गई है किसी भी माध्यम सड़क एवं रेल से जिले की सीमा में बाहरी लोगों का आगमन प्रतिबंधित किया गया है। जिले में निवासरत नागरिकों का जिले की सीमा से बाहर जाना तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है। मेडिकल दुकान, हॉस्पिटल, पेट्रोल पंप एवं सभी बैंक के एटीएम से केश प्रतिपूर्ति की सेवा के अलावा शेष समस्त व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद किए गए हैं।
इमरजेंसी ड्यूटी वाले शासकीय कर्मचारी केवल ड्यूटी के प्रयोजन से प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे लेकिन उक्त कर्मचारियों को अपने साथ आई कार्ड रखना अनिवार्य होगा। सांची की दुग्ध की होम डिलीवरी एवं घर-घर जाकर दूध बांटने वाले दूध विक्रेता को अनुमति रहेगी। इसके अतिरिक्त सभी प्रकार की दुकानें एवं प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। खाने के पैकेट केवल शासन स्तर से ही बांटे जाएंगे अन्य सामाजिक एवं सेवा संस्थाओं के माध्यम से बांटे जाने वाले पैकेट भी शासन स्तर से बांटे जाएंगे। यह व्यवस्था केवल 31 मार्च को रहेगी। गैस एजेंसी द्वारा एलपीजी गैस सिलेंडर का घर-घर प्रदाय चालू रहेगा परंतु उल्लेखित प्रतिबंध अवधि में ग्राहक स्वयं आउटलेट पर नहीं जा सकेंगे। उक्त उल्लेखित प्रतिबंध अवधि में समस्त बैंक शाखा केवल आंतरिक कार्य हेतु पूर्व आदेश में दिए गए निर्धारित समय तक खुली रहेगी। न्यूज़पेपर वितरण के लिए प्रातः 6:00 बजे से प्रातः 8:00 बजे तक अनुमति रहेगी।