चित्र में ये शामिल हो सकता है: एक या अधिक लोग और स्टेज पर लोग
#RATLAM 19 फरवरी 2020/ जिले के आलोट में भी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अपनी समृद्धि एवं आत्मनिर्भरता के लिए आगे आई हैं। आलोट के जनपद पंचायत परिसर में भी पंचायत केफे आरंभ हो गया है। इसका संचालन गुलबालोद के जय माता दी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। विधायक आलोट श्री मनोज चावला ने बुधवार को पंचायत केफे का शुभारंभ किया।
पंचायत केफे में महिलाओं द्वारा स्वल्पाहार, चाय, नमकीन तथा भोजन इत्यादि न्यूनतम दरों पर विक्रय किया जाएगा। सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप केरकेट्टा द्वारा पंचायत केफे आरंभ कराने की पहल के तहत जिला पंचायत परिसर में भी पंचायत केफे प्रारंभ करवाया गया है तथा इनका संचालन महिलाओं को सौंपा जाकर महिला आत्मनिर्भरता एवं समृद्धि के लिए कार्य किया जा रहा है। इस कड़ी में आलोट जनपद पंचायत परिसर में भी पंचायत केफे का शुभारंभ किया गया है। आगे चलकर सभी जनपद पंचायत परिसरों में पंचायत केफे खुलवाए जाएंगे जिनका संचालन स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा।
आलोट में पंचायत केफे संचालित करने वाली महिलाओं में रुक्मणीबाई, रूपाबाई, राधाबाई, मानकुंवरबाई, भूलीबाई, मंजू, कुशालबाई, सुशीला, सुगंधबाई, लीलाबाई, ममता आदि सम्मिलित हैं। महिलाएं केफे संचालन को लेकर उत्साहित है, उनका कहना है कि हम पूरी लगन, मेहनत और ईमानदारी के साथ कैफे का संचालन करेंगी जो हमारी आर्थिक समृद्धि की दिशा में एक ठोस कदम सिद्ध होगा। महिला समूह को मध्यप्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत रिवाल्विंग फंड के रूप में 10 हजार रूपए संचालन के लिए प्रदान किए गए हैं। इसके साथ ही महिलाओं द्वारा अपनी बचत राशि का भी उपयोग किया गया है। आलोट में शुभारंभ अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्री कालूसिंह, उपाध्यक्ष श्री रामलाल धाकड़, सीओ जनपद पंचायत श्री आर.के. वक्तारिया आदि उपस्थित थे।

#RATLAM SK NEWS