नवागत संभागायुक्त ने ली कलेक्टर्स की बैठक
रतलाम कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान भी बैठक में शामिल हुई

SKNEWS@RATLAM 25 फरवरी 2020/ नवागत उज्जैन संभागायुक्त श्री आनंद शर्मा ने मंगलवार को उज्जैन में संभाग के सभी कलेक्टर्स की बैठक आयोजित की। बैठक में संभाग के अन्य जिला कलेक्टर्स के साथ ही रतलाम कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान भी सम्मिलित हुई।

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने बताया कि संभागायुक्त श्री शर्मा ने जिलों में शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। संभागायुक्त ने राज्य शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन की खासतौर पर जानकारी लेते हुए राज्य शासन की मंशानुसार आमजन को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून व्यवस्था पर भी चर्चा की।
----------------------
किसान भाई अपना पंजीयन अवश्य करवाएं

रतलाम 25 फरवरी 2020/ कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय के लिए अपना पंजीयन अवश्य करवाएं, पंजीयन की अंतिम तिथि आगामी 28 फरवरी निर्धारित की गई है। किसान गेहूं, चना, मसूर तथा सरसों के समर्थन मूल्य पर विक्रय हेतु अपना पंजीयन एमपी किसान ऐप, ई उपार्जन, मोबाइल ऐप, पब्लिक डोमेन में ई-उपार्जन पोर्टल पर तथा विगत वर्ष रबी में उपार्जन करने वाली पात्र संस्थाओं के केंद्रों पर भी पंजीयन करवा सकते हैं। किसान को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज विक्रय करने के लिए अपना पंजीयन कराना अनिवार्य है। पंजीयन नहीं कराने की स्थिति में किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज विक्रय नहीं कर पाएंगे।