कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने समयावधि पत्र की समीक्षा बैठक मैं दिए निर्देश

SK NEWS MPरतलाम 4 जनवरी 2020/ समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक शनिवार शाम संपन्न हुई। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बैठक में सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि उर्वरक वितरण की सघन मानिटरिंग करें, विक्रय केंद्रों का निरीक्षण करें, कहीं कोई शिकायत नहीं आने पाए। बैठक में कलेक्टर ने शासन की अन्य सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

सैलाना एसडीएम ने बताया कि उनके अनुभाग में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में हैं, कहीं कोई समस्या नहीं है। जावरा एसडीएम ने भी कोई भी समस्या नहीं होने की बात कही। जय किसान फसल ऋण माफी योजना की भी समीक्षा कलेक्टर द्वारा की गई। बताया गया कि जो किसान कैंप में नहीं आए, उनके रिकॉर्ड के आधार पर बैंक शाखा द्वारा सुधार कर निराकरण किया जाएगा। योजना में कलेक्टर स्तर से लॉगइन पर निराकरण के लिए ई दक्ष केंद्र पर ऑपरेटर तैनात किए गए हैं जिनको तेजी से कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया है।

बैठक में कलेक्टर द्वारा बीपीएल परिवार सत्यापन अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि सैलाना जनपद क्षेत्र में 10 हजार परिवार सत्यापन से शेष है। इसी प्रकार बाजना जनपद क्षेत्र में 13 हजार, रतलाम जनपद क्षेत्र में 8 हजार, जावरा के 3 हजार 800 तथा पिपलोदा जनपद क्षेत्र में मात्र 1 हजार परिवारों का सत्यापन बचा है। इसके अलावा नगरीय क्षेत्रों में आलोट के 672, ताल के 400, बड़ावदा के 150, जावरा के 1700, सैलाना के 125, नामली 70, पिपलोदा तथा धामनोद के 100-100 परिवार बाकी है जिनका शीघ्र ही सत्यापन कर लिया जाएगा। बैठक में वनाधिकार अधिनियम के तहत सैलाना तथा बाजना विकासखंडों में जारी कार्य की समीक्षा भी की गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा कलेक्टर द्वारा की गई। मुख्यमंत्री मदद योजना के तहत आदिवासी परिवारों को जन्म तथा मृत्यु के अवसर पर होने वाले आयोजनों के लिए खाद्यान्न उपलब्ध कराने के तहत जिले को आवंटन प्राप्त हो चुका है। कलेक्टर ने योजना की समीक्षा में निर्देश दिए कि पंचायत के सचिव जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करते समय उसे केंद्र के एसपीआर पोर्टल पर अपडेट भी करें। योजना में आदिवासी परिवारों को जन्म के अवसर पर 50 किलोग्राम तथा मृत्यु पर होने वाले आयोजन के लिए 1 क्विंटल खाद्यान्न दिए जाने का प्रावधान है। कलेक्टर द्वारा बैठक में जिले में विगत अतिवृष्टि से हुए फसल नुकसान पर किसानों को दी गई नुकसान की 25 प्रतिशत राशि की समीक्षा भी की गई।

कलेक्टर ने संबल कार्ड के सत्यापन अभियान के तहत अपात्र पाए गए परिवारों को पोर्टल से हटाने के निर्देश भी दिए। ज्ञातव्य है कि विगत दिनों जिले में संचालित अभियान के तहत श्रमिक पंजीयन संबल कार्ड का सत्यापन किया गया था जिसमें जो अपात्र पाए गए हैं उनका नाम पोर्टल से हटाया जाएगा। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा उपसंचालक पशु चिकित्सा को निर्देश दिए गए कि जिले में दूसरे चरण के तहत निर्मित की जाने वाली गौशालाओं के लिए स्थान चिन्हांकन कार्य में तेजी लाएं। उपसंचालक ने बताया कि अभी तक 30 स्थानों पर गौशालाओं के लिए भूमि चिन्हित की गई है भूमि आवंटन होना बाकी है। जिले में सांची के पार्लर भी स्थापित किए जाएंगे। समीक्षा के दौरान बताया गया कि कलेक्ट्रेट परिसर में सांची पार्लर स्थापना के लिए 2 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
---------------------