*श्री रेवाल संयुक्त संचालक द्वारा निरीक्षण*

धामनोद। स्वच्छ भारत अभियान स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के अन्तर्गत नगर परिषद धामनोद द्वारा सर्वेक्षण हेतु की गई तैयारियों के संबंध में जानकारी लेने हेतु श्री एस.के. रेवाल संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास उज्जैन संभाग द्वारा धामनोद नगर परिषद पहुच कर नगर भ्रमण किया जाकर नागरिकों से चर्चा कर स्वच्छता संबंधित जानकारी ली गई। इस अवसर पर श्री रेवाल द्वारा नगर के मुख्य चौराहों, बस स्टेण्ड, टंकी चैराहा, आजाद चौक, पटेल चौराहे पर नगर परिषद द्वारा करवाये जा रहे कार्यों के संबंध में नागरिकों से चर्चा की गई तथा चर्चा में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीला एवं सूखा कचरा का पृथकीकरण, स्वच्छ सर्वेक्षण के 07 सवालों के संबंध में आप नगर परिषद को कितने अंक देना चाहेंगे- के संबंध में जानकारी ली गई।
नगर भ्रमण के दौरान श्री रेवाल द्वारा निकाय की ‘’नेकी की दीवार’’ तथा जैविक खाद विक्रय केन्द्र का निरीक्षण किया गया।
साथ ही कार्यालय में सफाई कार्य में लगे कर्मियों से चर्चा के साथ नगर में चल रहे मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, विशेष निधि से करवाये गये कार्यों तथा सीएम हेल्पलाइन के संबंध में समीक्षा की गई तथा श्री रेवाल द्वारा मुख्य नगरपालिका अधिकारी को स्वच्छता संबंधित नागरिकों को एप डाउनलोड करवाकर फीडबेक की कार्यवाही में प्रगति लाने तथा सड़कों पर रखी निर्माण सामग्री तत्काल हटाये जाने हेतु निर्देशित किया गया।


धामनोद से कमलेश पवार की रिपोर्ट