SKNEWSरतलाम 27 दिसम्बर 2019/  प्रदेश में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए संचालित की जा रही मुख्यमंत्री मदद योजना अंतर्गत अनुसूचित जनजाति वर्ग को खाद्यान्न दिया जाएगा । विगत माह अगस्त से 4 माह का खाद्यान्न प्रमाण पत्रधारक परिवारों को बैकलॉग का खाद्यान्न उचित मूल्य दुकानों से दिया जाएगा।

योजना अंतर्गत जिले के आदिवासी विकासखंडों के आदिवासी परिवारों को जन्म के अवसर पर 50 किलोग्राम तथा मृत्यु संस्कार के लिए 100 किलोग्राम गेहूं और चावल निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि मदद योजना के तहत जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने के पश्चात ही उचित मूल्य दुकान से सामग्री प्रदान की जाएगी। रियल टाइम डाटा ऑनलाइन पीओएस मशीन में तत्काल प्रदर्शित होगा किंतु ऑफलाइन पीओएस मशीन में तत्काल प्रदर्शित ना होने के कारण सेल्समैन द्वारा योजना अंतर्गत पृथक से पंजी का संधारण किया जाकर हितग्राही को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा एवं आवंटन आवक एवं वितरण का लेखा-जोखा संधारित किया जाएगा। पीओएस मशीन ऑनलाइन मोड में आने के पश्चात पंजी का डाटा पीओएस मशीन में अपलोड होगा। एजेंसियां प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त होते ही अधिकतम सात दिवस में कार्य प्रारंभ करें या निविदा की कार्यवाही करें।
-----------------------
19 जनवरी को पोलियो दवा पिलाई जाएगी

रतलाम 27 दिसम्बर 2019/ जिला प्रशिक्षण केंद्र विरियाखेडी में आगामी 19 जनवरी को आयोजित होने वाले राष्‍ट्रीय पल्‍स पोलियो दिवस के संबंध में विभागीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डा. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि पल्‍स पोलियो अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्‍चों को बूथ पर ही दवा पिलाने का लक्ष्‍य निर्धारित किया गया है।  छूटे बच्‍चों को ही घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।

डब्‍ल्‍युएचओ की सर्वेलेंस मेडिकल आफिसर डा. स्‍वाति मित्‍तल ने बताया कि भारत में पोलियो का अंतिम मामला वर्ष 2011 में मिला था। म. प्र. में जबलपुर में 2008 में, रतलाम में 2007 में तथा झाबुआ में वर्ष 2006 में पोलियो का अंतिम केस प्रतिवेदित हुआ है। भारत की सीमा से सटे देशों पाकिस्‍तान, अफगानिस्तान और नाईजीरिया में अभी भी पोलियो के केस सामने  आ रहे हैं।  पोलियो वाईरस के ट्रांसमिशन से बचने के लिए 19 जनवरी को पोलियो के एक चरण के रूप में टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।  टीकाकरण कार्यक्रम की सफलता के लिए आवश्‍यक माईक्रोप्‍लान तैयार करके हाई रिस्‍क क्षेत्रों ईंट भट्टों, रेल्‍वे स्‍टेशन, बस स्‍टेंड, पहुचविहीन क्षेत्रों की पहचान करने अंर्तविभागीय समन्‍वय करके शत-प्रतिशत बच्‍चों का टीकाकरण सुनिश्चित कराने के संबंध में निर्देशित किया गया।

स्‍वशासी मेडिकल कालेज के पीएसएम विभाग के चिकित्‍सक डा. पांडे ने बताया कि मेडिकल कालेज के प्रशिक्षु चिकित्‍सक भी पल्‍स पोलियो अभियान के अंतर्गत अपनी सेवाऐं प्रदान करेंगे। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. वर्षा कुरील ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए माइक्रोप्‍लान रीढ की हडडी है, अत: सही कार्ययोजना बनाने से ही शत-प्रतिशत बच्‍चों को टीकाकरण किया जा सकेगा । कार्यशाला में आशीष चौरसिया, डा. प्रमोद प्रजापति, बीएमओ डा. प्रतिभा शर्मा, डा. जितेन्‍द्र जायसवाल, डा. दीपक पालडिया, डा. शेलेष डांगे, कोल्‍ड चेन मैनेजर श्री सैयद अली, श्री निलेश चौहान, रेल्‍वे के चिकित्‍सा अधिकारी, विकासखंडों के बीईई, सुपरवाईजर, एलएचवी एवं अन्‍य विभागीय स्‍वास्‍थ्‍य कर्मचारी आदि उपस्थित रहे। आभार डीपीएम डा. अजहर अली ने व्‍यक्‍त किया।
--------------------------
उर्वरक लायसेंस निरस्त

रतलाम 27 दिसम्बर 2019/ उपसंचालक कृषि द्वारा मेसर्स वसुंधरा कृषि सेवा केंद्र ग्राम आम्बा तहसील पिपलौदा का लायसेंस तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है।

उपसंचालक कृषि रतलाम द्वारा मेसर्स वसुंधरा कृषि सेवा केंद्र ग्राम आम्बा तहसील पिपलौदा की फर्म से उर्वरक नमूना प्रोपेनोफास, सायपर मेथ्रिन का नमूना लेकर उर्वरक गुण नियंत्रण प्रयोगशाला भेजा गया। कीटनाशी अधिनियम 1968 की धरा 3 (के)(1) का उल्लंघन पाए जाने पर कीटनाशी अधिनियम 1968 के नियम 1971 की धरा 14 में प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए उक्त फर्म का लायसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त किया गया है।
-------------------------