SKNEWSMP@रतलाम 18 दिसम्बर 2019/ मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आरंभ की गई सहज भुगतान वाहन सेवा जिले के ग्रामीणजनों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित हो रही है। अब ग्रामीणजन खासतौर पर आदिवासी ग्रामीण घर बैठे अपने बिजली के बिल की राशि का भुगतान कर रहे हैं। उनको अपने बिजली बिल भरने के लिए कहीं और नहीं जाना पड़ रहा है। रतलाम जिले में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा सहज भुगतान सेवा के तहत चार वाहन संचालित किए जा रहे हैं। यह सेवा जिले में 6 दिसंबर से प्रारंभ की गई है।
सैलाना विकासखंड के ग्राम बल्लीखेड़ा के नाथू डामर, ग्राम पथवारी के नागु मेडा, अमरगढ़ के भेरु निनामा जैसे बड़ी संख्या में आदिवासी ग्रामीण बहुत खुश हैं। उन्हें बिजली बिल भरने की झंझट से मुक्ति मिली है, अब उनके घर पर विद्युत कंपनी का वाहन आ रहा है। गत 6 दिसंबर से आरंभ की गई इस सेवा का रतलाम जिले में अब तक 1393 ग्रामीणजन लाभ उठा चुके है। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगभग 7 लाख 50 हजार से ज्यादा का राजस्व सहज भुगतान सेवा वाहनों द्वारा अर्जित किया जा चुका है।
जिले में रतलाम ग्रामीण तथा सैलाना विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 6 दिसंबर से सहज भुगतान सेवा वाहन आरंभ किए गए थे। इसी प्रकार विकासखंड आलोट के लिए 16 दिसंबर से तथा जावरा विकासखंड में 12 दिसंबर से भुगतान वाहन सेवा आरंभ की गई है। अब तक सर्वाधिक राजस्व लगभग 3 लाख रूपए से ज्यादा रतलाम ग्रामीण से प्राप्त हुआ है। सैलाना विकासखंड में 2 लाख 97 हजार रूपए का बिजली बिल कलेक्शन किया गया है। इसके अलावा जावरा विकासखंड से लगभग 1 लाख 50 हजार रुपए तथा आलोट विकासखंड में 11 हजार रुपए बिजली बिल राजस्व सहज भुगतान वाहन सेवा द्वारा प्राप्त किया जा चुका है। अब तक रतलाम विकासखंड के 38 गांव सहज भुगतान वाहन सेवा द्वारा कवर किए गए है। इसके अलावा सैलाना विकासखंड के 23, जावरा विकासखंड के 12, आलोट विकासखंड के 4 गांव कवर किए जा चुके हैं।
----------------------
हितग्राही मूलक योजनाओं में प्रकरण स्वीकृति के पश्चात वितरण में देरी नहीं करें
जिला स्तरीय बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने बैंकर्स को दिए निर्देश
रतलाम 18 दिसम्बर 2019/ बैंकों में पर्याप्त संख्या में प्रकरण प्रस्तुत करना विभागों की जिम्मेदारी है। बैंकर्स की भी जिम्मेदारी है कि वे प्रकरण में स्वीकृति पश्चात वितरण में अनावश्यक देरी नहीं करें। यह निर्देश सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप केरकेट्टा ने बैंकों की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में दिए। बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री राकेश गर्ग, महाप्रबंधक उद्योग श्री अमरसिंह मोरे तथा बैंक शाखाओं के प्रबंधक उपस्थित थे।