SKNEWS@रतलाम 17 दिसम्बर 2019/ जय किसान फसल ऋण माफी योजना के द्वितीय चरण पर अमल के लिए जिले में तेजी से कार्य किया जा रहा है। प्रथम चरण के बचे हुए गुलाबी आवेदनों की विसंगतियों को दूर करके किसानों को लाभान्वित करने के लिए प्रक्रिया तेज करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा बैंक प्रबंधकों की बैठक लेकर दिए गए। मंगलवार शाम को आयोजित बैठक में राष्ट्रीयकृत बैंकों वार लंबित गुलाबी आवेदनों की जानकारी दी गई। सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप केरकेट्टा, अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, उपसंचालक कृषि श्री ज्ञानसिंह मोहनिया, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री राकेश गर्ग आदि बैठक में मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर द्वारा प्रथम चरण के निराकरण से शेष गुलाबी आवेदनों के संबंध में विभिन्न संशय को दूर करने, कमियों की पूर्ति करने, विसंगतियों के निराकरण हेतु बैंकर्स को आवश्यक निर्देश दिए गए। विसंगतियों के निराकरण पश्चात बैंक लॉग इन प्रोसेस करके कलेक्टर लॉगिन पर फॉरवर्ड करने के लिए कहा गया। कमियों की पूर्ति के लिए किसानों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ बैंक शाखाओं में बुलाया जाएगा। इसके साथ ही बैंक शाखा में नहीं आ सकने वाले किसानों के लिए जनपद स्तरीय शिविरों की संभावित तिथियां भी तय की गई। तदनुसार जिले में 30 दिसंबर से लेकर 6 जनवरी तक शिविर प्रस्तावित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
प्रथम चरण के बचे गुलाबी आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया आगामी शनिवार से आरंभ हो जाएगी। बताया गया कि राष्ट्रीयकृत बैंक शाखाओं में लगभग 3000 आवेदन तथा सहकारी बैंकों के करीब 8000 आवेदन है।
------------------
जिला निर्वाचन कार्यालय का नवीन भवन बनकर तैयार
कलेक्टर ने किया निरीक्षण
रतलाम 17 दिसम्बर 2019/ जिला निर्वाचन कार्यालय का नवीन भवन बनकर तैयार हो चुका है। नवनिर्मित भवन का कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मंगलवार शाम निरीक्षण किया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रवीण कुमार फुलपगारे तथा पीआईयू के श्री बाघे भी मौजूद थे। निर्वाचन कार्यालय के लिए यह भवन लोक निर्माण विभाग की पीआईयू यूनिट द्वारा तैयार किया गया है, इसकी लागत 5 करोड़ 21 लाख रूपए है।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें