SK NEWS MP @ रतलाम 19 दिसम्बर 2019/ खाद्य एवं औषधि प्रशासन के संयुक्त जांच दल द्वारा 19 दिसम्बर को इंदौर फोरलेन स्थित ग्राम सिमलावदा स्थित श्री सांवरिया होटल (ढाबा) का आकस्मिक निरीक्षण कर पनीर का नमूना जांच हेतु लिया। बेस्ट बिफोर डेट के बाद पापड, खराब नमकीन एवं मटर को नष्ट करवाया गया। जब्त पनीर नमूना जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा एवं जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर आगामी कार्यवाही नियमानुसार की जाएगी। जांच दल में श्री आर.आर सोलंकी, श्री यशवन्त कुमार शर्मा, श्रीमती प्रीति मण्डोरिया आदि सम्मिलित थे।
मुख्य सचिव ने की स्वच्छ भारत अभियान (ग्रामीण) की समीक्षा
रतलाम 19 दिसम्बर 2019/ मुख्य सचिव श्री एस.आर. मोहंती ने मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से स्वच्छ भारत अभियान (ग्रामीण) के कार्यो की समीक्षा की। श्री मोहंती ने जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया कि मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को 15 जनवरी 2020 तक प्राप्त कर प्रतिवेदन शासन को भेजें।
मुख्य सचिव ने कहा कि कलेक्टर अपनी टीम तैयार कर जिले में सभी जगह एक साथ काम शुरू कराएं। श्री मोहंती ने संभागीय आयुक्तों को सतत मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिये।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में श्री परमेश्वर अय्यर सचिव भारत सरकार ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में प्रदेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छा कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में आवश्यकतानुसार जिले के कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाये।
अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मध्यप्रदेश एकमात्र राज्य है, जिसमें सर्वे कराकर अनुपयोगी एवं अपूर्ण शौचालयों को पूरा कराने का कार्य प्रारंभ किया गया है। वीडियो कॉन्फ्रेंस में संभायुक्त, कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत ने भाग लिया।

निर्भिकतापूर्वक संगठित अपराधों के विरूद्ध कार्यवाही की जाए- मुख्य सचिव
रतलाम 19 दिसम्बर 2019/ मुख्य सचिव श्री एस.आर. मोहंती ने जिलों में सुनियोजित अपराधों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान की वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा की। मुख्य सचिव ने संभागीय आयुक्तों एवं जिला कलेक्टरों को संगठित अपराधों के विरूद्ध निर्भिकतापूर्वक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। मुख्य सचिव ने कहा कि बेखौफ होकर गैर-कानूनी काम करने वालों को चिन्हित कर सख्ती से कार्यवाही की जाये। कोई भी व्यक्ति कानून से बड़ा नहीं है। बड़े जिलों के साथ छोटे जिलों में भी संगठित अपराधों के विरूद्ध कार्यवाही की जाये।
कमिश्नर उज्जैन ने देवास, मंदसौर, नीमच एवं उज्जैन में की गयी कार्यवाही की जानकारी दी। सागर कमिश्नर ने बताया कि 6 सूदखोरों के विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज करायी गयी है। इन्दौर कमिश्नर ने बताया कि 11 सेक्टर चिन्हित किये गये हैं। चंबल कमिश्नर ने बताया कि खनन माफिया के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। वीडियो कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर जबलपुर, ग्वालियर, गुना ने अपने-अपने जिले में की गई कार्यवाही की जानकारी दी।