अधूरी सड़क तथा पुलिया के कारण तहसील का एक हिस्से से टूटा संपर्क।


पिपलौदा। अधूरी सड़क तथा पुलिया के कारण तहसील का एक हिस्से से संपर्क से कट गया है। यहां के रहवासियों को सरवन होकर पिपलौदा आना पड़ रहा है। लगभग 10 हजार रहवासियों की आबादी लंबे समय से इस समस्या को झेल रही है।
जनपद सदस्य धनसिंह ने आदिवासी क्षेत्र की इस समस्या को जनपद की सामान्य सभा की बैठक में रखने की जानकारी देते हुए बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम जाम्बूडाबरा, लाम्बाखोरा, बखतपुरा तथा गढ़ीनाल के रहवासियों को अधूरी सड़क तथा लाम्बाखोरा के समीप नदी पर पुलिया नहीं बनने से ग्रामीणों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लाम्बाखोरा, बखतपुरा व जाम्बूडाबरा के नागरिकों को तो सरवन व सैलाना होकर पिपलौदा आना पड़ रहा है। इससे इन गरीब आदिवासियों को आर्थिक परेशानी हो रही है। गत दिनों मउड़ीखेड़ा तालाब फूटने से यहां रहने वाले आदिवासियों की फसल भी बर्बाद हो चुकी है तथा अब आने जाने का रास्ता भी ठीक नहीं होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बामनघाटी तक सड़क का निर्माण किया गया है तथा इससे आगे की सड़क नहीं बनी है। लाम्बाखोरा के समीप पुलिया का निर्माण नहीं होने से यहां के नागरिकों के आने जाने की कोई सुविधा नहीं है। इस क्षेत्र में मात्र एक ही हाईस्कूल तथा मिडिल स्कूल है। इनमें पढ़ने जाने वाले बच्चों को बरसात के दिनों में छुट्टी करना पड़ती है। क्षेत्र की इस परेशानी को लंबे समय से ग्रामीण आदिवासी झेल रहे हैं, लेकिन इनकी परेशानी की सुध अभी तक प्रशासन ने नही ली है। गत कुछ दिनों से बखतपुरा में भूगर्भीय धमाके भी हो रहे हैं, इसके लिए यहां के नागरिकों को सुविधा मिलने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को मांग पत्र भी दिए हैं, लेकिन इस बारे में कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। धनसिंह ने बताया कि 30 सितंबर को जनपद पंचायत की सामान्य सभा की बैठक का आयोजन किया जाना है, इसमें इस मामले को जनपद के माध्यम से लोकनिर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग तथा आदिवासी विकास विभाग के सामने रखा जाएगा तथा समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

Arjun patidar 9617581494