क्षेत्र में एक सप्ताह बाद भी उपभोगताओं को नही मिला बीएसएनएल सेवाओ का लाभ।


पिपलौदा। नगर तथा आसपास के क्षेत्रों में विगत एक सप्ताह से बीएसएनएल की सुविधा नहीं मिल रही है। एक सप्ताह में भी दूरसंचार विभाग के कर्मचारी ओएफसी लाइन में आई खराबी की जांच नहीं कर सके है। इससे ग्रामीणों में रोष है तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली के साथ ही शासकीय संचार सेवा स्वान का नेटवर्क भी प्रभावित हुआ है। विभागों के कर्मचारी सोमवार को कार्यालय खुलने के साथ ही परेशान रहे। जनपद शिक्षा केन्द्र में डाईज इंट्री की अंतिम तिथि होने के कारण शालाओं को अन्य स्थानों पर जाकर इंट्री संबंधी कार्य करवाना पड़ा। डाटा इंट्री ऑपरेटर संतोश पगारे के अनुसार कार्य प्रभावित हो रहा है तथा दूर संचार विभाग किसी प्रकार का ध्यान नहीं दे रहा है। लोक सेवा गारंटी के चेनसिंह चावड़ा ने बताया कि सोमवार तक स्वान की गति धीमी थी, लेकिन सोमवार को स्वान ने भी जवाब दे दिया। बीएसएनएल की केबल कटने के कारण यह परेशानी आ रही है। यहां सारी योजनाओं तथा आवेदको को समय सीमा मे जानकारी देना होता है। समय सीमा पूर्ण होने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्यवाही की जाती है। इससे दिन भर अधिकारियों को भी परेशान होना पड़ा। इसी प्रकार अन्य विभागों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही थ्री जी नेटवर्क भी प्रभावित हो रहा है। इसके कारण मोबाईल धारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभिन्न किसानो को मंडी में माल बेचने के बाद उनके भुगतान के मैसेज नहीं आ रहे हैं। इससे बैंकों तथा व्यापारियों के यहां चक्कर लगाने पर मजबूर हो रहे हैं।
दूर संचार विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फॉल्ट की तलाश करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है, लेकिन तेज बारिश व विभिन्न स्थानों पर पानी भरा होने के कारण परेशानी आ रही है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।