नगर की सुविधाहीन उपमंडी में गुरूवार को विवाद की स्थिति से मोके पर मंडी सचिव व जनप्रतिनिधि पहुचे ।।


Sk news@पिपलौदा प्रतिनिधि रिपोर्ट



पिपलौदा- नगर की सुविधाहीन उपमंडी में गुरूवार को विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। तनाव के कारण मंडी सचिव जावरा से आए तथा विवाद का निराकरण किया गया। इसको लेकर शाम को नगर परिषद अध्यक्ष श्यामबिहारी पटेल, विधायक प्रतिनिधि हनुमंतसिंह चंद्रावत ने मंडी प्रभारी तथा व्यापारियों के साथ बैठक की।
मंडी में व्यापारियों की दुकानों तथा भुगतान करने को लेकर काफी समय से परेशानी आ रही थी। इसको लेकर व्यापारियों तथा किसानों ने कई बार मंडी प्रशासन को अवगत करवाया, लेकिन मंडी प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा था। मंडी में अस्थाई तौर पर ईंटें डलवा कर दुकान निर्माण का प्रयास किया जा रहा था। इस कार्य को मंडी प्रशासन ने रूकवा दिया तथा इसकी सूचना स्थानीय मंडी प्रभारी ने जावरा के मंडी सचिव को दी। इस विवाद के चलते कुछ व्यापारियों ने मंडी की नीलामी में भाग नहीं लिया। अतिक्रमण को लेकर गहमागहमी की स्थिति बन गई। निर्माण करने वाले व्यापारियों का कहना था कि पूर्व में भी निर्माण हुआ है, जिसे नहीं रोका गया तो उनका कार्य क्यों रोका जा रहा है। विवाद के चलते मंडी में नीलामी रूक जाने से किसानों को भी परेशान होना पड़ा। दोपहर बाद मंडी सचिव संजय श्रीवास्तव ने किसानों तथा व्यापारियों की संयुक्त बैठक की तथा समस्याओं को सुना। व्यापारी विजय जैन लाला सेठ का कहना है कि 4 फर्म राजमल मोतीलाल, अंबिका ट्रेडस, गीता ट्रेडर्स तथा हनुमंता ट्रेडर्स मिलकर एक शेड बना रहे थे, जिससे किसानों को भुगतान की सुविधा मिल सके तथा उनका सामान भी निर्धारित स्थल पर होने से सुरक्षित रह सके। इस पर मंडी सचिव ने पक्का निर्माण नहीं करने तथा गुमटी रखने की अनुमति प्रदान की, लेकिन व्यापारियों का कहना था कि गुमटी में सामान सुरक्षित नहीं रखा जा सकता है तथा किसानों को भी परेशानी होगी।
इस संबंध में नगर परिशद अध्यक्ष श्यामबिहारी पटेल ने बताया कि किसानों तथा व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंडी सचिव से चर्चा की गई है। इसमें व्यापारियों के भुगतान स्थल की स्थाई व्यवस्था तथा अनुज्ञा बनाने के लिए कंप्युटर लगा कर यहीं से व्यवस्था बहाल की जाने की मांग की है।
मंडी सचिव ने बताया कि मैं नया आया हुॅ तथा मंडी की पूर्व की समस्याओं के बारे में जानकारी नहीं है। वर्तमान में व्यापारियों के शेड बनाने को लेकर समस्या सामने आई है, इसके लिए ठोंस योजना बना ली है। मंडी बोर्ड से अनुमति प्राप्त कर समस्याओं का निराकरण 15 दिवस में किया जाएगा।