ग्राम पिण्डवसा में पेयजल टँकी लोकार्पण के अवसर पर बाबूलाल  मालवीय का हुआ सम्मान।।


Sk news@रतलाम ब्यूरो रिपोर्ट


पिपलौदा। तहसील के ग्राम पिंडवासा के प्राथमिक स्‍कूल में पेयजल टंकी का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पेयजल टंकी का निर्माण करने वाले शिक्षक बाबूलाल मालवीय का शाला प्रबंधन समिति एवं ग्राम पंचायत ने सम्‍मान किया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के.आर.गामड़, विकासखंड स्रोत समन्‍वयक विनोदकुमार शर्मा तथा ग्राम पंचायत नौलखा सरपंच राजेश माली अतिथि थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्‍वागत ग्राम वासियों ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गामड़ ने पेयजल की उपयोगिता तथा महत्‍व की जानकारी प्रदान की। श्री शर्मा ने दान का महत्‍व बताते हुए बच्‍चों को पेयजल के संरक्षण की प्रेरणा प्रदान की। पेयजल टंकी का निर्माण करने वाले शिक्षक बाबूलाल मालवीय ने बताया कि वे तथा उनके परिवार के सभी बच्‍चों ने इसी शाला में अध्‍ययन किया है तथा इस समस्‍या को नजदीक से जाना है। इसीलिए उनके पुत्र स्‍व.मुकेश मालवीय की स्‍मृति में टंकी का निर्माण करवाया है। ग्राम पंचायत के सरपंच राजेश माली ने इस टंकी को प्रतिदिन भरने तथा सफाई व्‍यवस्‍था का जिम्‍मा लेते हुए बच्‍चों को नियमित पेयजल उपलब्‍ध करवाने का संकल्‍प लिया।कार्यक्रम में बीएसी संजय भट्ट, शाला विकास समिति के अध्‍यक्ष, जनशिक्षक राजेश सोलंकी,रामकृष्‍ण उपाध्‍याय, शिवमंगल देराश्री, रीना पटेल तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे। संचालन गुलाम फरीदुद्दीन कुरैशी ने किया।